भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों के बीच 14वीं मंत्रिस्तरीय वार्ता आज नई दिल्ली में संपन्न हो गई। विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वांग ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।
विदेश मंत्री डॉ.जयशंकर ने एक संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि वार्ता के दौरान दोनों देशों ने त्रिस्तरीय, चार-स्तरीय और बहुपक्षीय मंचों में निकट सहयोग पर चर्चा की तथा हिन्द प्रशांत तथा पश्चिमी एशिया पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने हिन्द प्रशांत क्षेत्र में अधिक भरोसेमंद, विश्वसनीय और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला बनाने के प्रति वचनबद्धता व्यक्त की।
हाल के वर्षों में भारत-ऑस्ट्रेलिया सम्बंध परिवर्तनकारी विकास के पथ पर अग्रसर हुए हैं। क्वाड में दोनों देशों की साझेदारी भारतीय प्रशांत क्षेत्र के लिए काफी फायदेमंद रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता पिछले साल दिसंबर में लागू हुआ। भारत ऑस्ट्रेलिया का छठा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार देश है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2021 में 22 दशमलव 2 बिलियन डॉलर से बढ़कर 2022 में 31 दशमलव 4 बिलियन डॉलर हो गया। एक साल के भीतर ही इसमें 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदायों के लाखों छात्र रहते हैं जोकि दोनों देशों के बीच सम्बंधों की मजबूत बुनियाद है। भारतीयों की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय त्योहारों को बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।
