भारत और अमेरिका ने अपराधियों के प्रत्यर्पण, छात्रों एवं पेशेवरों की आवाजाही, सुरक्षित एवं कानूनी प्रवासन, कमजोर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा दोनों देशों के नागरिकों की यात्रा सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा की है।
दोनों देशों के बीच 11वीं द्विपक्षीय काउंसलर वार्ता कल नई दिल्ली में हुई। बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ. के. जे. श्रीनिवास ने और अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के विदेश विभाग में सहायक सचिव रेना बिटर ने किया।
वार्ता में दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने और परस्पर हितों के मुद्दों पर बल दिया गया। दोनों पक्षों ने अमेरिका में कुछ श्रेणियों के वीजा के नवीनीकरण के लिए पायलट परियोजना शुरू करने का स्वागत किया। उन्होंने अगली कांसुलर वार्ता अगले वर्ष अमरीका में करने पर भी सहमति व्यक्त की।