भारत-ऑस्‍ट्रेलिया सेना का द्विपक्षीय प्रशिक्षण अभ्‍यास ”ऑस्‍ट्रा हिन्‍द 22” कल से राजस्‍थान में शुरू होगा

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया की सेना की टुकडी का द्विपक्षीय प्रशिक्षण अभ्‍यास ”ऑस्‍ट्रा हिन्‍द 22” कल से राजस्‍थान के महाजन फील्‍ड फायरिंग रेंज में शुरू होगा। यह 11 दिसम्‍बर तक चलेगा। ऑस्‍ट्रा हिन्‍द श्रृंखला का यह पहला अभ्‍यास है जिसमें दोनों देशों की सेनाओं के सभी अंगों की टुकडियां हिस्‍सा लेंगी। ऑस्‍ट्रेलिया की सेना की सेकेण्‍ड डिवीजन की 13वीं ब्रिगेड के सैनिक अभ्‍यास स्‍थल पर पहुंच चुके हैं। भारतीय सेना का नेतृत्‍व डोगरा रेजिमेंट के सैनिक कर रहे हैं। ऑस्‍ट्रा हिन्‍द अभ्‍यास प्रत्‍येक वर्ष भारत और ऑस्‍ट्रेलिया में बारी-बारी से आयोजित किया जाएगा।

इसका उद्देश्‍य सकारात्‍मक सैन्‍य संबंध बनाना और एक-दूसरे की अच्‍छी प्रक्रियाओं को अपनाना है। साथ ही इसका लक्ष्‍य संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति स्‍थापना प्रतिबद्धता के तहत अर्ध-मरूस्‍थलीय प्रदेशों में अभियानों को चलाने के लिए एक साथ काम करने की क्षमता को बढाना है।

Related posts

Leave a Comment