रायपुर: भाजपा नेता विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। छत्तीसगढ़ के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ का अगला मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है।
छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने पर विष्णुदेव साय ने कहा, “विधायक दल ने मुझे अपना नेता चुना है, इस अवसर पर मैं बहुत आनंदित हूं और मैं पार्टी को धन्यवाद करना चाहूंगा क्योंकि उन्होंने गांव के छोटे से कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का मौका दिया है। मैं प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं…”
विष्णुदेव साय ने कहा, “मैं पूरी ईमानदारी के साथ सबके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा और ‘मोदी की गारंटी’ के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। पहला काम 18 लाख आवास देने का होगा।”
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रेणुका सिंह सरुता ने कहा, ”मुझे बहुत खुशी है कि विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनेंगे। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी किसान परिवार से आने वाले आदिवासी समुदाय के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है।”
BJP नेता विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुने जाने पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने कहा, “इससे बढ़िया और क्या निर्णय होगा, श्रेष्ठ कार्यकर्ता, अनुभवी कार्यकर्ता, अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे कार्यकर्ता को हमने चुना है, इससे अच्छा और क्या हो सकता है।”