पश्चिम बंगाल में, भबानीपुर, शमशेरगंज और जांगीपुर विधानसभा सीटों के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। 17वें दौर के बाद तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे थे।
भबानीपुर में 17वें दौर की समाप्ति के बाद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ममता बैनर्जी 45 हजार से अधिक वोटों के साथ पहले नंबर पर बनी हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल दूसरे और मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के श्रीजिब बिस्वास तीसरे स्थान पर हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 21 दौर की गिनती होनी है।
शमशेरगंज में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अमीरूल इस्लाम 13वें दौर की गिनती के बाद 8 हजार 363 वोटों से आगे हैं। जांगीपुर में भी तृणमूल कांग्रेस के जाकीर हुसैन 34 हजार से अधिक वोटों की बढ़त ले चुके हैं।
ओडिशा में पिपली विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। 10वें दौर की गिनती के बाद बीजू जनता दल के रूद्र प्रताप महारथी 10 हजार 451 वोट से आगे हैं। 28 हजार एक सौ 38 वोटों के साथ भारतीय जनता पार्टी के आश्रित पटनायक दूसरे नंबर पर हैं।