ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग ने एक बयान जारी कर लीसेस्टर शहर में हिंदू धर्म के परिसरों और प्रतीकों को तोड़े जाने की निंदा की है। इसने कहा कि भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को ब्रिटेन के अधिकारियों के समक्ष उठाया है और इन हमलों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उच्चायोग ने अधिकारियों से प्रभावित लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है।
ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच झडपों के कारण सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई है। पूर्वी लीसेस्टर में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई और मंदिर के बाहर लगे एक भगवा ध्वज को अज्ञात लोगों ने हटा दिया। घटना का वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार शहर के पूर्वी हिस्से में 28 अगस्त से लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस दिन भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज मैच हुआ था। यह मैच भारत ने जीता था।
पुलिस ने कल कहा था कि पूर्वी लीसेस्टर के कुछ हिस्सों में हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं और उनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।