कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा है कि बेंगलुरू पिछले 90 वर्षों के बाद सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि नगर-निगम और शहर के अन्य स्थानीय निकाय जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। सड़कों और आवासीय इलाकों से वर्षा का पानी निकालने के लिए पंप लगाए गये हैं। करीब 69 झीलों का जलस्तर काफी बढ गया है जिसकी वजह से शहर का एक हिस्सा जलमग्न है।
इस बीच, बेंगलुरु के रिहायशी इलाकों में टैंकर के जरिये पानी की आपूर्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए 600 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि बेंगलुरु में जल निकासी नेटवर्क के आधुनिकीकरण के लिए 1500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।