बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री आज अयोध्या में रामजन्म भूमि में पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्रियों की प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
11 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच उप मुख्यमंत्री आज अयोध्या पहुंच रहे हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अरुणाचल के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्म सरमा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के भी इन मुख्यमंत्रियों के साथ अयोध्या पहुंचने की संभावना है। सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे और प्रभु हनुमान के दर्शन करेंगे। दोपहर के बाद इन सभी का श्री रामजन्म भूमि स्थित रामलला के दर्शन का कार्यक्रम है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह अयोध्या के कुछ अन्य प्रमुख स्थलों जैसे राम की पैड़ी, सरयू घाट का भी दर्शन कर सकते हैं।