बिहार सरकार ने राज्य में कोविड से मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकट संबंधी को चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्रदान की है। अभी तक तीन हजार 727 मृतकों के परिवारों को अनुग्रह राशि दी जा चुकी है। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत दी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि राज्य में अब तक कोविड से पांच हजार 340 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मंगल पांडेय ने कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे राज्य में कोविड संक्रमण से मरने वालों की जानकारी दें।
इस बीच, बिहार में कोविड के नए मामलों में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। राज्य में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 98 प्रतिशत हो गई है, जबकि संक्रमण की दर घटकर शून्य दशमलव आठ-आठ प्रतिशत रह गई है। राज्य में फिलहाल 9 हजार 627 रोगी उपचाराधीन हैं। राज्य में छह लाख 97 हजार 229 से अधिक लोग कोविड से उबर चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में एक हजार सात नए रोगी सामने आए और कल एक हजार 667 लोग ठीक हुए। राज्य में एक करोड़ 10 लाख 43 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है।