बिहार में नीतीश कुमार सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय और निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।महागठबंधन सरकार में जो विभाग पहले राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के पास थे, उनमें से अधिकांश भाजपा कोटे के मंत्रियों को दे दिए गए हैं। उन्हें 23 विभाग मिले हैं जबकि जनता दल- यूनाइटेड को 19 विभाग दिये गये हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वाणिज्यिक कर, शहरी विकास तथा आवास, स्वास्थ्य, खेल और उद्योग विभागों के साथ वित्त मंत्री होंगे। उन्हें कुल नौ विभाग सौंपे गये हैं।
दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को कृषि, सड़क निर्माण, राजस्व और भूमि सुधार, सार्वजनिक स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग सहित नौ विभाग आवंटित किए गए हैं। भाजपा के प्रेम कुमार को सहकारिता, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और पांच अन्य विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनता दल -यूनाइटेड के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास संसदीय कार्य विभाग बरकरार रखा गया है। मंत्रिमंडल विस्तार तक उनके पास जल संसाधन, शिक्षा, सूचना तथा जनसंपर्क विभाग भी रहेंगे। अन्य सहयोगी पार्टी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर के एकमात्र मंत्री संतोष कुमार सुमन को सूचना-प्रौद्योगिकी और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग दिया गया है। निर्दलीय सुमित कुमार सिंह के पास पहले की तरह विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा मंत्रालय रहेगा।
