बांग्लादेश में डेंगू ने खतरनाक रूप धारण कर लिया है। बुखार के मरीजों की संख्या 10 हजार के पार हो गई है और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस साल जनवरी से अभी तक डेंगू से 62 लोगों की मौत हुई है जिसमें पिछले एक सप्ताह में ही 15 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक ने बताया कि ढाका और चट्टोग्राम में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। बांग्लादेश के विभिन्न अस्पतालों में करीब दो हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य निदेशालय द्वारा मॉनसून से पहले एडीज़ मच्छर के लार्वा के घनत्व पर किए गए सर्वे के अनुसार अगले पांच दिनों में डेंगू संक्रमण के और बढ़ने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण विभिन्न जगहों पर हुए जलभराव से मच्छरों के प्रजनन में वृद्धि हुई है जिससे स्थिति खराब हो गई है।
