फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका के बीच हुई नयी सुरक्षा संधि -ऑक्स की आलोचना की है। फ्रांस के विदेशमंत्री ने कहा है कि समझौता आपसी विश्वास का गंभीर उल्लंघन है और यह दोहरे रवैये को दर्शाता है। बृहस्पतिवार को अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के बीच हुए सुरक्षा समझौते को फ्रांस ने गंभीर धोखा बताया है।
इस समझौते के तहत अमरीका परमाणु-चालित पनडुब्बी के निर्माण की तकनीक ऑस्ट्रेलिया को उपलब्ध कराएगा। जिसके कारण ऑस्ट्रेलिया के साथ हुआ कई अरब डॉलर का पनडुब्बी समझौता फ्रांस के हाथ से निकल गया है। इस त्रिपक्षीय समझौते को दक्षिण चीन सागर में चीन के प्रभाव को रोकने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।