प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को गुजरात जाएंगे। देश के प्रथम राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद ने 11 मई सन 1951 में पुन:निर्मित सोमनाथ मंदिर का शुभारंभ किया था। प्रधानमंत्री ने आज एक राष्ट्रीय दैनिक में लिखे लेख में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ महीनों के भीतर सोमनाथ मंदिर से जुड़े दो महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
प्रधानमंत्री ने सोमनाथ को भारत की सभ्यतागत शक्ति और मज़बूती का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर की यात्रा विनाश से सृजन की तरफ बढ़ने का प्रतीक है और यह दिखाती है कि कैसे विश्वास और संस्कृति बार-बार हुए आक्रमणों और मुश्किलों के बाद भी अस्तित्व में रह सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वाधीनता के बाद मंदिर के पुन:निर्माण में देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की भूमिका का स्मरण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मंदिर के इतिहास से जुड़़े शौर्य और बलिदान को सम्मानित करने के लिए अगले एक हजार दिनों तक विशेष पूजा आयोजित होंगी।
