प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर का राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए थरमन शनमुगरत्नम को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर थर्मन शनमुगरत्नम को बधाई दी है। अपनी एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा: “सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में आपके चुनाव पर थर्मन शनमुगरत्नम को हार्दिक बधाई। मैं भारत-सिंगापुर सामरिक भागीदारी को और मजबूत करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।”

सिंगापुर में भारतीय मूल के अर्थशास्त्री थर्मन शनमुगरत्नम ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की

भारतीय मूल के अर्थशास्त्री और पूर्व वरिष्ठ मंत्री थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर के राष्ट्रपति पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। परिणामों की घोषणा शुक्रवार मध्यरात्रि के बाद की गई। थर्मन शनमुगरत्नम ने 2011 के बाद से देश के पहले राष्ट्रपति पद के चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए। छियासठ वर्षीय थर्मन शनमुगरत्नम ने 2011 से 2019 तक सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। वह 2001 में राजनीति में शामिल हुए थे। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र में भी कार्य किया और मंत्री पद पर भी आसीन रहे।

थर्मन सिंगापुर के तीसरे भारतीय मूल के राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले भारतीय मूल के सेल्लापन रामनाथन और चेंगारा वीटिल देवन नायर भी राष्ट्रपति बन चुके हैं। मतदान 27 लाख से अधिक मतदाताओं द्वारा वोट डालने के साथ ही समाप्त हो गया। सिंगापुर वासियों ने शुक्रवार को एक दशक से भी अधिक समय में देश के पहले राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान किया।

Related posts

Leave a Comment