नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा की लाभार्थी मध्य प्रदेश के देवास की रुबीना से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा, विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने और देशवासियों को जोड़ने का ये अभियान लगातार विस्तार ले रहा है। दूर-दूर गांव तक पहुंच रहा है और गरीब से गरीब को जोड़ रहा है। इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए मैं आप सभी देशवासियों और माताओं-बहनों का आभार व्यक्त करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा, विकसित भारत संकल्प यात्रा का ध्येय उस व्यक्ति तक पहुंचने का है, जो किसी कारणवश भारत सरकार की योजनाओं से वंचित रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा को शुरू हुए अभी 50 दिन भी नहीं हुए हैं लेकिन ये यात्रा लाखों गांवों तक पहुंच चुकी है। ये अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जहां भी जा रही है वहां लोगों का विश्वास बढ़ा रही है लोगों की उम्मीदे पूरी कर रही है। यात्रा के शुरू होने के बाद उज्जवला गैस कनेक्शन के लिए साढ़े 4 लाख नए लाभार्थियों ने आवेदन किया है। यात्रा के दौरान मौके पर ही 1 करोड़ आयुष्मान कार्ड दिए जा चुके हैं। पहली बार देशव्यापी हेल्थ चेकअप हो रहा है। लगभग 1.25 करोड़ लोगों का हेल्थ चेकअप हो चुका है। 70 लाख लोगों की TB से जुड़ी जांच पूरी हो चुकी है। 15 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है। आजकल तो आयुष्मान भारत कार्ड के साथ-साथ ABHA कार्ड भी तेजी से बनाए जा रहे हैं।
