प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र के मुख्य मुफ्ती से मुलाकात कर भारत और मिस्र के बीच मज़बूत सांस्कृतिक संबंधों और आपसी रिश्तों की चर्चा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका से कल मिस्र की अपनी पहली यात्रा पर काहिरा पहुंचे। हवाई अड्डे पर मिस्र के प्रधानमंत्री ने उनकी अगवानी की और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। होटल में भी भारतवंशियों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र के मुख्य मुफ्ती प्रोफेसर शॉकी इब्राहिम अल्लाम से मुलाकात कर भारत और मिस्र के बीच मज़बूत सांस्कृतिक संबंधों और दोनों देशों के लोगों के आपसी रिश्तों की चर्चा की। दोनों पक्षों ने सामाजिक और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने तथा उग्रवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला करने के मुद्दों पर भी चर्चा की। प्रोफेसर शॉकी ने प्रधानमंत्री मोदी के समावेशी नेतृत्व और बहुलतावाद को समर्थन की सराहना की। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत, मिस्र में दार-अल-इफ्ता में सूचना प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगा।

मिस्र के मुख्य मुफ्ती ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में काफी विकास हुआ है। डॉ. शॉकी ने कहा कि भारत जैसे विशाल देश को प्रधानमंत्री मोदी का बुद्धिमतापूर्ण नेतृत्व प्राप्त है और प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न समुदायों के बीच सामंजस्य बनाए रखने के लिए कुशल नीतियां अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के साथ मिस्र का धार्मिक सहयोग भी मजबूत है। डॉ शॉकी ने कहा कि मिस्र और भारत के बीच सहयोग की काफी संभावनाएं हैं।

Related posts

Leave a Comment