प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भाजपा सांसदों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि हर कोई आजादी के अमृत महोत्सव का हिस्सा बने। अमृत महोत्सव देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनाया जा रहा है। भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि अगले 25 वर्षों के लिए एक कार्य योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के सौ साल पूरे करेगा, बेहतर लक्ष्य हासिल करने के लिए लोगों से विचार आमंत्रित किये जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के दो चुने हुए कार्यकर्ता 15 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2023 के बीच 75 गांवों का दौरा करेंगे। वे प्रत्येक गांव में 75 घंटे बिता कर ऐसे उल्लेखनीय विचार और पहल के बारे में जानकारी एकत्र करेंगे जो आगे देश के विकास में काम आयेंगी।