प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के प्रगति मैदान में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो 2023 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 47वें अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और सांस्कृतिक अवसंरचना निर्मित करने पर निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्थानीय और ग्रामीण संग्रहालयों को निर्मित करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। 47वे अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो आयोजित किया गया है। इस एक्सपो का विषय- संग्रहालय, स्थिरता और कल्याण रखा गया है।
प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो के शुभंकर, ग्राफिक नॉवेल-संग्रहालय में एक दिन, भारतीय संग्रहालय की निर्देशिका, कर्तव्य पथ के पॉकेट मानचित्र और संग्रहालय कार्ड का विमोचन किया। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो का शुभंकर चेन्नापट्नम कला शैली में लकड़ी से निर्मित डांसिंग गर्ल का एक समकालीन संस्करण है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक के आगामी राष्ट्रीय संग्रहालय के वर्चुअल वॉकथ्रू का भी विमोचन किया। यह संग्रहालय देश की समृद्ध सभ्यतागत संस्कृति, ऐतिहासिक घटनाओं, बड़ी हस्तियों के विचार और उनकी उपलब्धियों का प्रदर्शन करेगा।