प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश में मेट्रो प्रणाली ने बेहतर पर्यावरण बनाने, कार्बन उत्सर्जन कम करने और सड़कों पर भीड़भाड़ कम करने में योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज शाम कोच्चि में कोच्चि मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखी। उन्होंने भारतीय रेलवे की कई परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने मेट्रो को शहरी परिवहन प्रणाली का हिस्सा बनाने के लिए कई उपाय किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों के दौरान 500 किलोमीटर से अधिक नए मेट्रो रेल मार्ग बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में एक हजार किलोमीटर से अधिक मेट्रो रेल मार्ग निर्माण का काम जारी है।
कोच्चि मेट्रो का दूसरा चरण जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को कक्कानाड में इंफोपार्क से जोड़ता है। यह मार्ग पेशेवरों और युवाओं के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस तरह की परियोजनाओं से जीवन में सुगमता और कारोबार करने में आसानी होगी।
प्रधानमंत्री ने भारतीय रेलवे की परियोजनाओं का लाकार्पण करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों को हवाई अड्डों वाली सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम से मैंगलोर तक रेल मार्ग के दोहरीकरण के साथ केरल में रेल संपर्क में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। इसके साथ ही अयप्पा भक्तों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।
प्रधानमंत्री ने पेट्टा से एस.एन. जंक्शन तक कोच्चि मेट्रो के पहले चरण के विस्तार का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुप्पंथरा-कोट्टायम-चिंगवनम रेलवे लाइन के दोहरीकरण और कोल्लम और पुनालुर के बीच नए विद्युतीकृत खंड का लोकार्पण किया। उन्होंने कोट्टायम और एर्नाकुलम के बीच और कोल्लम तथा पुनालुर के बीच विशेष रेल सेवाओं की भी शुरूआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने एर्नाकुलम जंक्शन, एर्नाकुलम टाउन और कोल्लम जंक्शन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने आदि शंकराचार्य के जन्म स्थान कलाडी में आदि शंकर जन्मभूमि क्षेत्र में पूजा-अर्चना की।