प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को चुनाव में उनकी जीत पर बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा; “चुनावों में जीत पर प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो आपको बधाई! मैं भारत-कनाडा संबंधों में और मजबूती लाने के साथ-साथ वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर हमारे सहयोग के लिए आपके साथ कार्य को निरंतररूप से जारी रखने के लिए तत्पर हूं।”
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो की लिबरल पार्टी ने संसदीय चुनावों में मामूली जीत हासिल की है लेकिन बहुमत नहीं मिल पाया है। जस्टिन ट्रुडो की संघीय चुनाव में यह तीसरी जीत है। लिबरल पार्टी को 158 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 170 सीटों की जरूरत होती है। परिणामों के बाद जस्टिन ट्रुडो ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप ने ऐसी सरकार चुनी है जो आप के लिए संघर्ष करेगी और समस्याओं का समाधान करेगी।