प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में चार हजार दो सौ करोड रुपये मूल्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह दशक उत्तराखंड का होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास के नई ऊंचाइयों को छुएगा और उनकी सरकार इसी संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब विश्व के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं, तब भारत पूरी दृढता के साथ खडा है और देश की आवाज दिन-प्रति-दिन मजबूत हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
प्रधानमंत्री राज्य के एक दिन के दौरे पर हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने पिथौरागढ में जोलिंगकोंग में पार्वती कुंड में पूजा-अर्चना की। उसके बाद उन्होंने गुंजी गांव में स्थानीय लोगों से बातचीत की और स्थानीय उत्पादों की हस्तशिल्प प्रदर्शनी को देखा। प्रधानमंत्री ने गुंजी में सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और सीमा सडक संगठन के कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने आज सुबह अल्मोडा में प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।