प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के राज्य सभा सांसद हरद्वार दुबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। “भाजपा के कर्मठ सांसद हरद्वार दुबे जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जो उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में अपने अहम योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!”
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का आज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे और काफी समय से बीमार चल रहे थे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हरद्वार दुबे का पूरा जीवन जनसेवा और संगठन के लिए समर्पित था और उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।