प्रधानमंत्री मोदी ने आज उत्तर प्रदेश में नौ चिकित्सा महाविदयालयों का एकसाथ लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश में नौ चिकित्सा महाविदयालयों का एकसाथ लोकार्पण किया। सिद्धार्थनगर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन विशेष है जो उत्तरप्रदेश और देश के लोगों के लिए आरोग्य संबंधी दो सौगात लेकर आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिद्धार्थनगर में नौ चिकित्सा महाविदयालयों का उदघाटन किया जा चुका है और कुछ ही क्षणों में वाराणसी में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बडी योजना की शुरूआत की जायेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्वांचल में चिकित्सा महाविदयालयों के खुल जाने से स्वास्थ्य का बुनियादी ढांचा सुदृढ होगा। इन चिकित्सा महाविदयालय अस्पतालों में 25 हजार बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी और पांच हजार से अधिक चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वांचल में मस्तिष्क ज्वर यानी इंसेफ्लाइटिस रोग से निपटने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे का एक नया केन्द्र बनकर उभरेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने देश में स्वास्थ्य सुविधाओं पर कभी ध्यान नहीं दिया और राजनीतिक इच्छाशक्ति तथा प्राथमिकताओं की कमी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि सरकार ने यह दिखा दिया है कि विकास परियोजनाओं को कैसे पूरा किया जाता है।
उत्तर प्रदेश के जिन नौ जिलों में चिकित्सा महाविदयालय खोले गये हैं, इनमें सिद्धार्थनगर, जौनपुर, फतेहपुर, एटा, हरदोई, गाजीपुर, मिर्जापुर, देवरिया और प्रतापगढ़ शामिल हैं। इन चिकित्सा महाविदयालयों के निर्माण पर अनुमानित दो हजार 329 करोड रूपये की लागत आई है। पिछले साढे चार वर्षों में योगी आदित्यनाथ सरकार के शासनकाल में बने चिकित्सा महाविदयालयों की संख्या बढकर 16 हो गई है। चौदह और मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं जिनका निर्माण कार्य 2022-23 में पूरा होने की संभावना है।