प्रधानमंत्री मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में डोनी पोलो हवाई अड्डे का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विकास परियोजनाओं में अब देरी नहीं होती और किसी प्रकार की रूकावट नहीं आने दी जाती। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने परियोजनाओं के शिलान्‍यास और उनके उद्घाटन की नई कार्य संस्‍कृति शुरू की है। प्रधानमंत्री मोदी ने आज अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में डोनी पोलो हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि सरकार ने सभी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं में देरी करना और किसी प्रकार की बाधा उत्‍पन्‍न होने देना इस सरकार की कार्य संस्‍कृति में नहीं आता। प्रधानमंत्री ने कहा कि सवेरे के समय इतनी बड़ी संख्‍या में पूरे उत्‍साह के साथ लोगों का इस कार्यक्रम में शामिल होना, सरकार की नीतियों के समय पर और कुशलतापूर्वक कार्यान्‍वयन का परिणाम है।

यह देश का पहला ग्रीन‍फील्‍ड हवाई अड्डा है। यहां सभी मौसम में सुचारू संचालन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्‍ध कराई गई हैं। हवाई अड्डे का नाम डोनी पोलो यानी सूर्य और चन्‍द्रमा पर रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 600 मेगावाट का कामेंग जल विद्युत केन्‍द्र भी राष्‍ट्र को समर्पित किया।

मुख्‍यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि इस हवाई अड्डे से ईटानगर तक सुचारू संपर्क स्‍थापित हो सकेगा। इससे व्‍यापार तथा पर्यटन को बढावा मिलेगा और राज्‍य की अर्थव्‍यवस्‍था पर सकारात्‍मक प्रभाव पडेगा।

Related posts

Leave a Comment