प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का प्रसारण आज; देश और विदेश में विशेष स्‍क्रीनिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्रोताओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस कार्यक्रम की एक सौंवीं कड़ी होगी। इस कार्यक्रम को आकाशवाणी और दूरदर्शन के सम्‍पूर्ण नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्‍यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर सुना जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी होगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद क्षेत्रीय भाषाओं में मन की बात का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा देश और विदेश में मन की बात का विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जा रही है।

मध्‍य प्रदेश में मन की बात की 100वीं कड़ी के प्रसारण के लिए विभिन्‍न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 53 हजार गांवों, ग्राम पंचायत मुख्‍यालयों, 66 हजार मतदान केन्‍द्रों और राज्‍य में शहरों के सभी वार्डों में मन की बात का प्रसारण किया जाएगा। स्वच्छता में देश में नम्बर वन इन्दौर आज प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में भी नया इतिहास रच रहा है। मध्यप्रदेश और देश में सम्भवता पहली बार मन की बात का प्रसारण बड़े पर्दे पर होगा। इन्दौर के सांसद शंकर लाल वाणी ने मन की बात के 100वें संस्करण के प्रसारण के लिए पूरा सपना संगीत सिनेमा घर बुक किया है। वैसे मध्यप्रदेश में मुख्य कार्यक्रम भोपाल स्थित राजभवन में होगा। राज्यपाल मंगू भाई पटेल इस मौके पर समाज के विशिष्ट लोगों को संबोधित भी करेंगे। केन्द्रीय संचार व्यूरो ने इस मौके पर आजादी का अमृत महोत्सव सरकार की उपलब्धियों पर राजभवन में दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन भी किया है।

मणिपुर में आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र द्वारा ‘मन की बात’ की एक सौ वीं कडी के विशेष कार्यक्रम के प्रसारण की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इंफाल में राजभवन में मणिपुर की राज्यपाल अनुसुईया उइके इसमें शामिल होंगी। मन की बात की एक सौ वीं कड़ी के विशेष प्रसारण की व्‍यवस्‍था मणिपुर के लोकतक झील पर भी की गई है। इसमें श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव शामिल होंगे।

हिमाचल प्रदेश में शिमला के राजभवन में विशेष स्‍क्रीनिंग में राज्‍यपाल शिव प्रताप शुक्‍ला मुख्‍य अतिथि होंगे। मन की बात की शुरूआत से लेकर अबतक राज्‍य के जिन लोगों के नाम उनके उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए कार्यक्रम में आए हैं उन्‍हें राजभवन में विशेष स्‍क्रीनिंग देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रसार भारती आज चंडीगढ़ स्थित हरियाणा राजभवन में विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन कर रहा है। इसका उद्घाटन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय करेंगे।

दिल्‍ली में राजनिवास में आज आकाशवाणी के मन की बात कार्यक्रम की सौवीं कड़ी के प्रसारण की विशेष व्‍यवस्‍था की गई है।

ब्रिटेन में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पीएम मोदी के “मन की बात” के 100वीं कड़ी का प्रसारण करेगा। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी “मन की बात” की 100वीं कड़ी का लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। अमेरिका में भारतीय मिशन ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। मिशन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में लाइव प्रसारण के साथ ‘मन की बात’ वैश्विक हो रहा है।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोगों से मन की बात की 100वीं कडी का सीधा प्रसारण सुनते समय नमो एप डाउनलोड कर अपनी तस्‍वीर अपलोड करने का आग्रह किया है। अनुराग ठाकुर ने एक ट्वीट में कहा कि नमो एप पर मन की बात @100 मॉडयूल लॉगऑन कर इस पर 25 चित्र अपलोड किए जा सकते हैं। अपनी पहचान स्‍पष्‍ट करने के लिए अपना नाम, मोबाईल नम्‍बर, राज्‍य और निर्वाचन क्षेत्र एंटर करना होगा। उन्‍होंने कार्यक्रम सुनते समय के सभी चित्र भेजकर 100वीं कडी को अब तक का सबसे व्‍यापक प्रसारण बनाने का आग्रह किया।

Related posts

Leave a Comment