अगले महीने होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा से पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा है कि अमेरिका को इस अवसर की प्रतीक्षा है और इससे दोनों देशों के बीच व्यापार तथा सुरक्षा जैसे मामलों में सहयोग बढेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन से संबंधित साझा वैश्विक चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वेदांत पटेल ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय और वहां के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के कार्यक्रम से गम्भीरता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका प्राथमिकता के बहुत से महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत के साथ मिलकर काम कर रहा है।
स्वतंत्र और खुला हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के संबंध में भारत की भूमिका पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है। इससे, इस क्षेत्र में सम्पर्क और खुशहाली तथा सुरक्षा में भी बढोतरी सुनिश्चित की जा सकेगी।