प्रधानमंत्री मोदी आज संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण, भूमि क्षरण और सूखे के बारे में उच्चस्तरीय संवाद को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी आज संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण, भूमि क्षरण और सूखे के बारे में उच्चस्तरीय संवाद को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र में मरुस्थलीकरण, भूमि क्षरण और सूखे के बारे में उच्च स्तरीय संवाद को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी मरुस्थलीकरण से निपटने में संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन – यू.एन.सी.सी.डी. के संबंधित पक्षों के चौदहवें सत्र के अध्यक्ष के रूप में प्रारंभिक सत्र को संबोधित करेंगे। मिशन ने कहा है कि महासभा के अध्यक्ष, उप-महासचिव, आर्थिक और सामाजिक परिषद के अध्यक्ष तथा यू.एन.सी.सी.डी. के कार्यकारी सचिव भी सत्र को संबोधित करेंगे। उच्च स्तरीय संवाद में मरुस्थलीकरण, भू क्षरण और सूखे से निपटने में किये गये प्रयासों में हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा। इसमें मरुस्थलीकरण के खिलाफ संघर्ष करने और पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित करने के बारे में संयुक्त राष्ट्र की कार्य योजना भी तैयार की जाएगी। संवाद के दौरान जलवायु और जैव विविधता के लिए भूमि आधारित समाधान से संबंधित गतिविधियां तेज़ करने के महत्व पर विचार-विमर्श होगा। उच्च-स्तरीय संवाद में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष तथा मंत्री शामिल होंगे।

Related posts

Leave a Comment