प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का शुभारंभ करेंगे। पिछले वर्ष 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने इस मिशन की प्रायोगिक परियोजना की घोषणा की थी।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अभी छह केन्द्र शासित प्रदेशों में लागू किया जा रहा है। ये हैं- अंडमान और निकोबार, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुदुचेरी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि आज का दिन भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवा तक व्यापक पहुंच बढ़ेगी और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया कि इस मिशन का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ ऐसे समय में हो रहा है जब राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तीसरी वर्षगांठ मना रहा है। इस मिशन के तहत प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य आई.डी. उपलब्ध कराया जाएगा, जिसपर संबंधित व्यक्ति का स्वास्थ्य रिकॉर्ड अपलोड होगा।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति लेकरआयेगा। इलाज में लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए इस अभियान की शुरूआत की जारही है। इस अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक के लिए, एक हेल्थ आई डी होगी जो एक स्वास्थ्य खाते की तरह काम करेगी। इसमें लोगों के स्वास्थ्य के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी होगी। इस आई डी से कोई भी व्यक्ति, अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को मोबाइल ऐप के जरिये देख सकेगा। इस स्वास्थ्य आई डी में प्रत्येक व्यक्ति की बीमारी, उपचार, रिपोर्ट और दवाइयों का भी ब्यौरा होगा। इसके अलावा इसमें चिकित्सकों, अस्पतालों और स्वास्थ्य देखभाल सेवा प्रदाताओं के संबंध में भी जानकारी होगी। इस अभियान के तहत नागरिकों की सहमति से स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक पहुंच और आदान-प्रदान को सक्षम बनाए जाने की योजना है।