प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश आजादी के अमृतकाल में महान लक्ष्यों और विकासपरक उद्देश्यों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों से संबंधित विकास कार्यों और बुनियादी ढांचा निर्माण से रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज भोपाल में नव-नियुक्त शिक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
नई शिक्षा नीति के महत्व का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा आधुनिक और विकसित भारत के निर्माण पर बल दिया गया है।
मुद्रा योजना, एक केन्द्र एक उत्पाद और एक जिला एक उत्पाद जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वित्तीय सहयोग और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आत्म-निर्भर बनाना है।
कौशल विकास पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जल्दी ही तीस नए कौशल भारत केन्द्र खोले जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जोड़ने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर नव-नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।