प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर बाद तेलंगाना के महबूब नगर पहुंच रहे हैं। वे मंगलवार को निजामाबाद भी जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी 21 हजार पांच सौ छियासठ करोड़ रुपये लागत वाली विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कुछ अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं सड़क और रेल ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और बिजली से संबंधित हैं।
प्रधानमंत्री आज दोपहर बाद हैदराबाद से होकर महबूबनगर जाएंगे। वे जकलेर-कृष्णा रेलवे लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे पांच सौ पांच करोड़ की लागत से मुनीरबाद-महबूबनगर रेलखंड पर बनाया गया है। इससे हैदराबाद और गोवा के बीच की दूरी एक सौ किलोमीटर कम हो जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी कुचीगुड़ा-रायचूर डेमू रेल सेवा और चार लेन वाले सूर्यपेट-खम्माम राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे, जिसे दो हजार चार सौ 57 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
प्रधानमंत्री छह हजार चार सौ करोड़ रुपये लागत वाली कुछ अन्य सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वे हासन-चार्लापल्ली एलपीजी पाइपलाइन राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे एचपीसीएल ने दो हजार छह सौ 61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है। इससे एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की संख्या 37 लाख बढ़ जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी आंध्रप्रदेश के कृष्णापत्तनम और हैदराबाद के बीच बहु-उत्पाद पाइपलाइन के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। एक हजार नौ सौ 32 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना से डीजल, पेट्रोल, कैरोसीन और जेट ईंधन की ढुलाई और आपूर्ति आसान होगी।
प्रधानमंत्री हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में 81 करोड़ रुपये लागत वाले स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स, स्कूल ऑफ मैथेमेटिक एंड स्टैटिस्टिक्स, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड कॉम्युनिकेशन के भवनों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। वे आज शाम महबूबनगर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मंगलवार को निजमाबाद में आठ हजार 21 करोड़ रुपये लागत वाली कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे रामागुंडम में छह हजार करोड़ रुपये लागत वाला एनटीपीसी का आठ सौ मेगावाट बिजली क्षमता वाला अत्याधुनिक संयंत्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसमें बनी 85 प्रतिशत बिजली का उपयोग तेलंगाना में होगा। इस परियोजना से उत्तर-दक्षिण ग्रिड की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और रोजगार के प्रत्यक्ष-परोक्ष अवसर सृजित होंगे।