प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतवंशियों के साथ जुड़ने का यह एक बड़ा अवसर है। तीन दिन का प्रवासी सम्मेलन कल शुरू हुआ।
उद्घाटन समारोह में गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि और सुरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशेष अतिथि होंगे।
प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के दौरान विभिन्न नेताओं से बातचीत भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी एक विशेष डाक टिकट ‘सुरक्षित जाएं, प्रशिक्षित जाएं’ भी जारी करेंगे, जो सुरक्षित, कानूनी, व्यवस्थित और कुशल प्रवासन के महत्व पर केन्द्रित है। प्रधानमंत्री “आजादी का अमृत महोत्सव – भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में प्रवासी भारतीयों का योगदान” विषय पर केन्द्रित पहली डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी भारत की स्वतंत्रता में प्रवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के महत्त्व को प्रदर्शित करेगी। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में 5 महत्वपूर्ण सत्र हो रहे हैं। सम्मेलन के दूसरे दिन आज दूसरा एवं तीसरा सत्र होगा। दूसरे सत्र का विषय ‘अमृत काल में भारतीय हेल्थकेयर ईको-सिस्टम को बढ़ावा देने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका : विजन @ 2047’ है। इस सत्र की अध्यक्षता केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया करेंगे। तीसरे सत्र का विषय ‘भारत के सॉफ्ट पॉवर का लाभ लेना-शिल्प, व्यंजन और रचनात्मकता के माध्यम से सद्भावना’ है। इसकी अध्यक्षता विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी करेंगी।