प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किन्नौर में भूस्खलन के दौरान हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहाः “किन्नौर में हुई भूस्खलन त्रासदी बेहद दु:खद है। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति हैं। मैं घायलों के भी शीघ्र, अति शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राहत और बचाव अभियान जारी है और आपदाग्रस्त क्षेत्र में फँसे लोगों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।”
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन में 13 लोगों की मौत जबकि 13 लोगों को बचाया गया
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन की घटना में 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 13 लोगों को बचा लिया गया। कम से कम 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। यह घटना उस समय हुई, जब 25 से अधिक यात्रियों को लेकर हिमाचल परिवहन निगम की बस हरिद्वार जा रही थी। इस बीच राहत बचाव कार्य एनडीआरएफ, पुलिस, आईटीबीपी और होम गार्ड द्वारा युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।