प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत ने हमेशा संपूर्ण मानव जगत को एक परिवार माना है। उन्होंने कहा कि देश के फार्मास्युटिकल उद्योग ने कम लागत के नैदानिक किट, औषधि, चिकित्सा उपकरण, पीपीई किट तैयार किये हैं और अनेक विकासशील देशों को सुलभ विकल्प उपलब्ध करा रहा है।
वैश्विक कोविड सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष की शुरूआत में भारत ने वैक्सीन उत्पादन को 95 अन्य देशों और संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों के साथ साझा किया और पूरा विश्व भी एक परिवार की तरह महामारी की दूसरी लहर के दौरान भारत के साथ खड़ा रहा। इस एकजुटता और सहयोग के लिए उन्होंने सबका आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जबतक कोरोनारोधी नए टीके विकसित किये जा रहे हैं तब तक भारत सरकार मौजूदा टीकों का उत्पादन भी बढ़ा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्पादन बढ़ने से सरकार अन्य देशों को भी फिर इसकी आपूर्ति कर सकेगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीन प्रमाण पत्र की परस्पर मान्यता के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्राएं आसान बनाई जानी चाहिए।