प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के सोलापुर में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के सोलापुर में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार देश में वंचित परिवारों की सेवा के लिए समर्पित है। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने इन परिवारों के जीवन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार चार करोड पक्‍के मकान और दस करोड शौचालय पहले ही उपलब्‍ध करा चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी महाराष्‍ट्र के सोलापुर में अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 25 करोड लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्‍याण योजना के अगले 5 वर्ष तक जारी रहने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत बने 90 हजार और सोलापुर में रायनगर आवास सोसायटी में 15 हजार मकान प्रदान करने के बाद उन्‍होंने कहा कि महाराष्‍ट्र में एक लाख से भी अधिक परिवारों को आज अपने मकान मिलेंगे। रायनगर आवास सोसायटी के लाभार्थियों में हजारों हथकरघा श्रमिक, विक्रेता, पावरलूम मजदूर, कूडा उठाने वाले, बीडी श्रमिक और ड्राइवर आदि शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन वे इसे वास्‍तव में दूर करने में सफल नहीं रही। उन्‍होंने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है जिससे लाभार्थियों को वास्तव में फायदा पहुंच रहा है।

सोलापुर में प्रधानमंत्री ने अमृत मिशन के तहत लगभग दो हजार करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्‍होंने राज्‍य में प्रधानमंत्री स्‍वनिधि के दस हजार लाभार्थियों को पहली और दूसरी किस्‍त जारी करने की शुरूआत भी की। इस अवसर पर महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल रमेश बैस, महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडनवीस और अजीत पवार भी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment