प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ वहां मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री बुधवार की सुबह अरैल घाट के पास बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे और वहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें बोट से लेकर संगम पहुंचे जहां प्रधानमंत्री ने डुबकी लगाई। बोट से संगम की ओर जाते समय मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए देखा गया। मेला क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
इससे पूर्व, 13 दिसंबर, 2024 को अपनी प्रयागराज यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने 5,500 करोड़ रुपये मूल्य की 167 परियोजनाओं का लोकार्पण किया था जिससे महाकुंभ के दौरान आम श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिली।
प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार को सुबह 10 बजे तक 10 लाख कल्पवासियों समेत 47.30 लाख लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। वहीं 13 जनवरी, 2025 से शुरू हुए महाकुंभ में मंगलवार तक 38.29 करोड़ से अधिक लोग संगम में स्नान कर चुके हैं।