भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह चुनाव केवल सरकार गठन का चुनाव ही नहीं है बल्कि यह विकसित भारत का चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी आज सहारनपुर में पार्टी के उम्मीदवार राघव लखनपाल और कैराना से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर मौजूद थे।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि इरादा सही है तो परिणाम भी सही होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करती है और हम चाहते हैं कि हमारी नीतियां प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए हमने दस वर्षों तक काम किया है। यही वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय है।
हमारी सोच यही है कि सरकार की योजनाएं हर वर्ग, हर जाति, हर व्यक्ति तक पहुंचे और इसलिए भाजपा सरकार ने 10 साल पूरी ताकत से काम किया है और हमारा तो मंत्र रहा है सेच्युरेशन शत प्रतिशत योजना लागू हो।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चहुमुखी विकास के लिए काम किया है जिससे प्रत्येक नागरिक का जीवन आसान हुआ है। पिछले दस वर्षों में सरकार ने किसानों के विकास के लिए लगातार काम किया।
प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल के बारे में बात करते हुए एक जिला, एक उत्पाद योजना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अभी तक आप लोगों ने जो कुछ देखा है वो मात्र एक ट्रेलर है। विकसित भारत के लिए अभी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है।