प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली से अपनी 3 दिवसीय अमेरिका यात्रा के लिए रवाना हुए
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी अमेरिका यात्रा के लिए रवाना हुए। वे वहां पहले व्यक्तिगत रूप से क्वाड नेताओं की समिट में भाग लेंगे, द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
वे शुक्रवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देश अफगानिस्तान की स्थिति, बढ़ते कट्टरवाद, आतंकवाद और हिंद प्रशांत क्षेत्र, साइबर सुरक्षा, कोविड टीकाकरण और जलवायु परिवर्तन से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन के बीच वाशिंगटन में होने वाली बातचीत में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर बातचीत होने की संभावना है।
पहली बार प्रत्यक्ष रूप से अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच क्वाड सुरक्षा के बारे में शुक्रवार को शिखर बैठक होगी।
पिछले छह महीने की अवधि में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह पहला विदेशी दौरा है, जबकि जो बाइडेन के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री पहली बार यहां का दौरा करने जा रहे हैं। वाशिंगटन में 24 सितम्बर को क्वाड देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन करेंगे। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापान के प्रधानमंत्री याशिहिदे सुगा भी शामिल होंगे। इस वर्ष मार्च में हुए क्वाड देशों के वर्चुअल शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्वाड को भारत-प्रशांत महासागर क्षेत्र में स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया था। अमेरिका के चुनिंदा शीर्ष स्तर के सीईओज़ के साथ प्रधानमंत्री 23 तारीख को मिलेंगे। वाशिंगटन में अपने दौरे के समापन के बाद प्रधानमंत्री 25 सितम्बर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को सम्बोधित करेंगे।