नेपाल में कल सुबह हुई एक विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या 68 तक पहुंच गई है। येती एयरलांइस का 72 सीटों वाला एक विमान कासकी जिले में पोखरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक सेती नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान काठमांडू से पोखरा जा रहा था। विमान में कुल 68 यात्री सवार थे, जिनमें पांच भारतीय और 15 विदेशी नागरिक थे। विमान में चालक दल के चार सदस्य भी थे।
खबरों के अनुसार यह विमान पोखरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते हुए खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद नेपाल सरकार ने मंत्रिपरिषद की एक आपात बैठक बुलाई और जांच के लिए पांच सदस्यों के एक आयोग का गठन किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल में विमान दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा; “नेपाल में हुई दुखद हवाई दुर्घटना से आहत हूं, जिसमें भारतीय नागरिकों सहित अन्य लोगों की मौत हुई है। दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।”