नई दिल्‍ली के ऐतिहासिक विजय चौक पर आज बीटिंग द रिट्रीट समारोह संपन्‍न हुआ

नई दिल्‍ली के ऐतिहासिक विजय चौक पर आज बीटिंग द रिट्रीट समारोह संपन्‍न हुआ। यह चार दिन तक चले गणतंत्र दिवस समारोहों के समापन का प्रतीक है। राष्‍ट्रपति और सशस्‍त्र बलों की सर्वोच्‍च कमाण्‍डर द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति समारोह में उपस्थित रहे।

समारोह में शास्‍त्रीय रागों पर आधारित भारतीय धुनें बजाई गईं। थल सेना, नौ सेना, वायु सेना और राज्‍य पुलिस तथा केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल के म्‍यूजिक बैंड ने 29 धुनें बजाईं।

समारोह की शुरूआत अग्निवीर धुन के साथ हुई। इसके बाद अल्‍मोडा, केदारनाथ, संगम दूर, क्‍वीन ऑफ सतपुडा, भगीरथी और कोंकण सुंदरी जैसी धुन बजाई गई। भारतीय वायु सेना के बैंड ने अपराजेय अर्जुन, चरखा, वायु शक्ति और स्‍वदेशी धुन का प्रदर्शन किया। नौ सेना की बैंड ने एकला चलो रे, हम तैयार हैं और जय भारती की धुनों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। थल सेना ने शंखनाद, शेर-ए-जवान, भूपाल, अग्रणी भारत, यंग इंडिया, कदम कदम बढाए जा और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसी धुनों का वादन किया। समारोह का समापन सदाबहार धुन – सारे जहां से अच्‍छा से किया गया।

Related posts

Leave a Comment