देश में कोराना वायरस के नए वेरिएंट -XE का पहला मामला आज मुंबई में सामने आया है। बृहन्मुंबई नगर निगम दवारा कराई गई जिनोम सिक्वेंसिंग जांच में इनमें से एक की एक्सई वेरिएंट और दूसरे की कप्पा वेरिएंट के रूप में पहचान की गई है।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि 50 वर्षीय जो महिला XE वेरिएंट से संक्रमित पाई गई है वह कोविड के दोनों टीके लगवा चुकी थी और किसी तरह की बीमारी से भी पीडित नहीं थी। दस फरवरी को वह दक्षिण अफ्रीका से भारत आई थी। उसका आईटीपीसीआर टेस्ट भी नेगेटिव था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि कोरोना का नया वेरिएंट – ‘XE’ – दो ओमीक्रोन का एक हाइब्रिड रूप है जो काफी तेजी से फैलता है।
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,086 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,30,925 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,871 रह गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,871 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 183 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है।