देश में अब तक 653 लोग ओमिक्रॉन वेरियंट से संक्रमित पाये गये हैं। महाराष्ट्र में 167, दिल्ली में 165, केरल में 57 और तेलंगाना में 55 में लोगों में ओमिक्रॉन का संक्रमण मिला है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 186 लोग इस संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक 142 करोड 47 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 72 लाख 87 हजार से अधिक टीके लगाये गये। स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव 4 प्रतिशत है।
केंद्रीय औषध मानक नियंत्रण संगठन ने आपात स्थिति में कुछ एहतियाती प्रतिबंधों के साथ कॉर्बेवैक्स, कोवोवैक्स टीके और संक्रमण प्रतिरोधी दवा मोलनुपिरवीर के उपयोग को मंजूरी दे दी है। ट्वीट संदेशों में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश में निर्मित पहले कॉर्बेवैक्स टीके को आरबीडी ने विकसित किया है और यह प्रोटीन युक्त टीका है। यह हैदराबाद की फर्म बायोलॉजिकल-ई ने बनाई है। कोवोवैक्स टीका पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा निर्मित किया जाएगा।