देश के उत्तर पश्चिम भागों में शीत लहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ, उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड कडाके की सर्दी की चपेट में है। आज सवेरे उत्तर भारत में कोहरे की घनी चादर छाई रही।
मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिम भारत तथा मध्य भारत के मैदानी इलाकों में कल से शीत लहर में कमी का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश में भीषण सर्दी के बीच आज सुबह राज्य के अधिकांश स्थानों घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे और शीतलहर से राज्य में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है। खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। घने कोहरे की वजह से सड़क हादसे भी लगातार हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में शीतकालीन अवकाश को 15 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है ताकि बच्चों को भीषण सर्दी का सामना ना करना पड़े। घने कोहरे की वजह से कल वाराणसी दौरे पर गए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी वाराणसी में ही रात्रि विश्राम करना पड़ा, क्योंकि कम दृश्यता की वजह से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में शीतलहर और घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी आर के राणा ने बताया कि कोहरे के कारण 29 रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।
कोहरे के कारण आज 29 रेलगाड़ियां लगभग लेट चल रही हैं जो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास हमारा निजामुद्दीन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। मैं रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना भी देना चाहता हूं कि कोहरे के दौरान रेलवे फाटक पर सावधानी बरतें। नियत स्थान से ही रेललाइन पार करें एवं रेल लाइन पर सेल्फी प्वाइंट न बनायें। फुटओवर ब्रिज का प्रयोग करें। सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें। कुछ ट्रेनों को हमने रद्द भी किया है ताकि हमारी पंक्चुएलिटी और मेंटेन रहे। और ज्यादातर जो रेलगाड़ियां हैं ये हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार से जो आने वाली हमारी रेलगाड़ी है ज्यादातर वही रेलगाड़ियां लेट चल रही हैं।