दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय ने स्‍नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवंटन-सह-प्रवेश नीति-सीएसएएस-2022 पोर्टल शुरू किया

दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय ने स्‍नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवंटन-सह-प्रवेश नीति-सीएसएएस-2022 पोर्टल शुरू किया

दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय ने शैक्षिक वर्ष 2022-23 के लिए स्‍नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवंटन-सह-प्रवेश नीति-सीएसएएस-2022 पोर्टल शुरू कर दिया है। इससे साझा प्रवेश परीक्षा परिणाम के आधार पर प्रवेश किए जा सकेंगे। पोर्टल की शुरुआत करते हुए दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने बताया कि इस वर्ष 67 कॉलेजों और विभागों में 79 स्‍नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाना है जिनमें बीए के लिए 206 श्रेणियां शामिल हैं। प्रोफेसर सिंह ने कहा कि सीएसएएस-2022 तीन चरणों में सम्‍पन्‍न होगी। पहला चरण दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के लिए लागू होगा। दूसरा चरण वरीयता का विकल्‍प भरने और तीसरा चरण सीट आवंटित करने और प्रवेश देने के लिए होगा।

प्रोफेसर सिंह ने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। उन्‍होंने आवेदकों से अधिक से अधिक संभव विकल्‍प भरने का आग्रह किया ताकि मनपसंद कॉलेज और विषयों के आवंटन में उन्‍हें कोई परेशानी न हो।

अनुसूचित जाति, जनजाति और दिव्‍यांगजनों की श्रेणी से संबंधित आवेदकों को पहले चरण में एकमुश्‍त सौ रुपए के आवेदन शुल्‍क का भुगतान करना होगा। अनारक्षित, अन्‍य पिछडा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्‍मीदवारों को 250 रुपए का आवेदन शुल्‍क देना होगा।

दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय उन उम्‍मीदवारों के लिए मिड-एंट्री का भी प्रावधान कर रहा है जो किसी कारण से निर्धारित समयसीमा में सीएसएएस-2022 के लिए आवेदन में असफल रहे। ऐसे उम्‍मीदवार अतिरिक्‍त शुल्‍क के रूप में एक हजार रुपए का भुगतान करके सीएसएएस-2022 में भाग ले सकते हैं।

Related posts

Leave a Comment