दिल्‍ली MCD चुनाव प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया, चार दिसंबर को मतदान

दिल्‍ली MCD चुनाव प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया, चार दिसंबर को मतदान

दिल्‍ली नगर निगम चुनाव के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विभिन्‍न दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए राजधानी के

विभिन्‍न क्षेत्रों में जोर-शोर से रोड शो और चुनाव प्रचार किया। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, पीयूष गोयल, मीनाक्षी लेखी और दिल्‍ली प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष आदेश गुप्‍ता ने विभिन्‍न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किए। श्री ठाकुर ने नारायणा और हरकिशन नगर वॉर्ड में रोड शो और चुनाव प्रचार किए, वहीं श्री गोयल पूर्वी दिल्‍ली के मंडावली क्षेत्र में रोड शो में भाग लिया। आप संयोजक और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने व्‍यापारियों के साथ संवाद किया, वहीं उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खिचड़ीपुर गांव, विनोद नगर और मयूर विहार में रोड शो में भाग लेकर मतदाताओं से आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, दिल्‍ली प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष अनिल चौधरी ने मयूर विहार फेस-2 और मंडावली क्षेत्र में अपनी पार्टी उम्‍मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

दिल्‍ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान इस रविवार को होना है। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम के साढ़े पांच बजे तक निर्धारित है। मतों की गिनती सात दिसम्‍बर को होगी। भाजपा और आम आदमी पार्टी जहां, 250 वॉर्ड में चुनाव लड़ रही है वही, कांग्रेस केवल 247 सीटों पर अपना भाग्‍य आजमा रही है क्‍योंकि उसके तीन उम्‍मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए थे।

इस बीच, दिल्‍ली राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त विजय देव ने सभी पात्र मतदाताओं से इस लोकतंत्र के महापर्व में बढ-चढ़कर हिस्‍सा लेने और मतदान करने की अपील की है। विजय देव ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्‍यापक इंतजाम किए गए हैं।

दिल्‍ली नगर निगम के चुनाव के दिन सभी टर्मिनल से सुबह चार बजे से शुरू होगी मेट्रो सेवा

चार दिसम्‍बर को दिल्‍ली नगर निगम के चुनाव को देखते हुए दिल्‍ली मेट्रो ने अपनी सेवा सभी टर्मिनल से सुबह चार बजे से शुरू करने का फैसला किया है। मेट्रो की सभी लाइनों पर उस दिन सुबह छह बजे तक ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल से उपलब्‍ध रहेंगी। छह बजे के बाद रविवार को सामान्‍य समय-सारिणी के अनुसार पूरे दिन मेट्रो सेवा जारी रहेगी।

मतदान के दिन शाम साढे पांच बजे तक ड्राई डे घोषित

दिल्‍ली सरकार ने दिल्‍ली नगर निगम के चुनाव को देखते हुये आज शाम साढे पांच बजे से चार दिसंबर मतदान वाले दिन शाम साढे पांच बजे तक के लिए ड्राई डे घोषित किया है। इस दौरान शराब की दुकानें बंद रहेंगी और शराब पीने पर पाबंदी भी रहेगी। इसी प्रकार से सात दिसंबर को मतगणना वाले दिन को भी ड्राई डे घोषित किया गया है।

Related posts

Leave a Comment