दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड प्रतिक्रिया कार्य योजना-ग्रैप का तीसरा चरण लागू होने के बावजूद आज राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक भीषण श्रेणी में रहा। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज वायु गुणवत्ता सूचकांक चार सौ पचास दर्ज किया गया।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में और गिरावट को रोकने के लिए कल ग्रैप के तीसरे चरण को फिर से लागू कर दिया। दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता में अचानक गिरावट आने के बाद यह निर्णय लिया गया। इस चरण के दौरान दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निर्माण संबंधी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहता है। आयोग के निर्देशों के बाद दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में बी एस- तीन पेट्रोल और बी एस-चार डीजल वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है।
आयोग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विभिन्न एजेंसियों और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति द्वारा आठ सूत्री कार्य योजना लागू की जा रही है। आयोग ने यातायात के व्यस्त समय से पहले हॉटस्पॉट सहित सडकों और सडकों के किनारे तथा अधिक यातायात वाले स्थानों पर प्रतिदिन पानी छिडकना सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा निर्धारित स्थानों और ढलाव से जमा कूडे का उचित निपटान करने को भी कहा गया है। आयोग ने सार्वजनिक यातायात सेवाओं को बढाने और व्यस्त समय के अलावा यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए अलग दरें लागू करने को कहा है।