असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया, त्रिपुरा में 8 तारीख को और नागालैंड और मेघालय में 7 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह होगा।
नागालैंड में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी-एनडीपीपी के विधायक दल ने मुख्यमंत्री नेफियू रियो को निर्विरोध अपना नेता चुना है। विधायक दल की बैठक कोहिमा में पार्टी के मुख्यालय में आयोजित की गई। सदस्यों ने नेफियू रियो को अपना नेता अनुमोदित किया और नई सरकार के गठन का अधिकार उन्हें दे दिया। एनडीपीपी विधायक दल ने शांति और विकास के लिए काम करने तथा नागालैंड को उत्कृष्ट राज्य बनाने की दिशा में बढ़ने का संकल्प लिया। विधायक दल ने पार्टी और मुख्यमंत्री रियो पर अपना भरोसा फिर से व्यक्त करने के लिये राज्य के सभी मतदाताओं का आभार भी जताया।
मेघालय में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच एनपीपी प्रमुख कोनराड के संगमा ने फिर कहा है कि उन्हें 32 विधायकों को समर्थन प्राप्त है। कोनराड संगमा ने कल राजधानी शिलंग में राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर इस्तीफा सौंप दिया और सरकार के गठन का दावा पेश किया। कोनराड संगमा के साथ 19 नवनिर्वाचित विधायक थे जिनमें एनपीपी के 26, भारतीय जनता पार्टी 2 और एक निर्दलीय विधायक मौजूद थे।
त्रिपुरा के मुख्यमत्री डॉक्टर मानिक साहा ने अगरतला में राजभवन में राज्यपाल सत्येदव नारायण आर्य को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। मीडिया से बात करते हुए डॉक्टर साहा ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करने को कहा है। मानिक साहा ने कहा कि नई सरकार आठ मार्च को बन सकती है।