तालिबान ने मुल्ला हिबतुल्ला अखुंदजादा को अफगानिस्तान में सरकार के नेतृत्‍व के लिए अपना सर्वोच्च नेता घोषित किया

तालिबान ने मुल्ला हिबतुल्ला अखुंदजादा को अफगानिस्तान में सरकार के नेतृत्‍व के लिए अपना सर्वोच्च नेता घोषित किया

तालिबान ने घोषणा की है कि मुल्ला हिबतुल्ला अखुंदजादा अफगानिस्तान का सर्वोच्च नेता होगा और उसके अंतर्गत एक प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति देश का संचालन करेगा। यह जानकारी तोलो समाचार एजेंसी ने दी है। तालिबान के संस्कृति आयोग के सदस्य अनामुल्ला समांगनी के हवाले से बताया गया है कि अखुंदजादा नई सरकार का नेता भी होगा। तालिबान के राजनीतिक कार्यालय के नेता शेर मोहम्मद अब्बास स्टैनिकज़ई के हवाले से पाझवोक डॉट कॉम ने रिपोर्ट किया है कि कथित इस्लामिक अमीरात अगले दो दिनों में अपनी नई सरकार की घोषणा करेगा।

तालिबान ने ईरान के मॉडल के आधार पर सरकार बनाने का निर्णय किया है, जिसमें सर्वोच्च नेता देश का अध्यक्ष होगा और वह सर्वोच्च राजनीतिक या धार्मिक पदाधिकारी होगा जो राष्ट्रपति से भी ऊपर होगा।

उधर, अफगानिस्तान के पंजशीर प्रांत में तालिबान लड़ाकों और अहमद मसूद के नेतृत्व में प्रतिरोध कर रहे बलों के बीच लड़ाई जारी है। तालिबान ने पुष्टि की है कि दो दिन से जारी लड़ाई में दोनों पक्षों को नुकसान पहुंचा है। अहमद मसूद गुट ने कहा है कि उन्होंने पंजशीर में तालिबान को पीछे खदेड़ दिया है और उसके कई लड़ाके मारे गए हैं। तालिबान ने पंजशीर पर हमले से इनकार करते हुए कहा कि उसके गुट पर मसूद समर्थकों ने हमला किया और उन्होंने केवल हमले का जवाब दिया है।

Related posts

Leave a Comment