जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों और सेन्ट्रल बैंक गवर्नर की बैठक आज बेंगलूरू में शुरू होगी। भारत की जी-20 अध्यक्षता में दो दिन की इस बैठक की सह-अध्यक्षता केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ0 शक्तिकांत दास करेंगे। वित्तमंत्रियों और केन्द्रीय बैंक गवर्नरों की पहली बैठक में जी-20 देशों के वित्तमंत्री और सेन्ट्रल बैंक गवर्नर के अलावा आमंत्रित सदस्य और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी शामिल होंगे। बैठक में 21वीं सदी की साझा चुनौतियों के समाधान के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने और भविष्य के समावेशी शहरों के वित्त पोषण पर प्रमुख रूप से चर्चा होगी। वित्तीय समावेशन के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचा और उत्पादकता लाभ तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और अंतर्राष्ट्रीय कराधान से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
इस बैठक में होने वाली बातचीत, वर्ष 2023 में जी-20 देशों की वित्तीय कार्य योजना के लिए स्पष्ट रूपरेखा उपलब्ध कराएगी।
