सेना ने बताया है कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठिओं के खिलाफ, एक सप्ताह से अधिक समय से की जा रही कार्रवाई खत्म हो गई है। इस दौरान एक घुसपैठिए को मार गिराया गया है और एक को जिंदा पकडा गया है।
19 इंफेंट्री डिविजन के जीओसी वीरेन्द्र वत्स ने बताया कि यह सैन्य कार्रवाई इस महीने की 18 तारीख की रात को उस समय शुरू हुई थी, जब तलाश दल ने घुसपैठिओं की हलचल देखी। उन्होंने बताया कि घुसपैठिओं की संख्या छह थी। गोलीबारी के बाद चार घुसपैठिए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
वीरेन्द्र वत्स ने बताया कि पकडा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से जुडा है। इन घुसपैठिओं का इरादा, कश्मीर के किसी स्थान पर हमला करने का था।