केन्द्र शासित क्षेत्र जम्मू-कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्य पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ा हादसा टाल दिया है। राज्य पुलिस ने आज जम्मू में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों में से एक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है। पुलिस ने बताया कि जम्मू में आतंकवादियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आतंकवादी कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकियों के लिए हथियार और गोला बारूद एकत्र करने की साजिश रच रहे थे। आतंकियों की योजना 15 अगस्त से पहले जम्मू और देश में अन्य स्थानों पर वाहनों में आईईडी से विस्फोट करने की भी थी। इन आतंकियों ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर एक मोटर साइकिल में आईईडी लगा कर विस्फोट करने की साजिश रची थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों के कब्जे से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने आतंकियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।